भाई पुलिस में सीओ लेकिन बरेली में बहन की हो गई हत्या
यूपी के बरेली में एक हाई प्रोफाइल फैमिली में दहेज़ की खातिर एक विवाहिता को ज़हर देकर मारने का सनसनीखेज मामला सामने आया। मृतक महिला बदायूँ जिले में तैनात सीओ कुलदीप गुप्ता की बहन है। दहेज़ हत्या के आरोप में पुलिस ने आरोपी पति और ससुर सहित कुल चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना प्रेमनगर थानाक्षेत्र के सिद्धार्थनगर कालोनी की है। जलालाबाद निवासी प्रियंका की शादी प्रेमनगर थानाक्षेत्र के सिद्धार्थनगर कालोनी के इंजिनियर नितेश गुप्ता के साथ 25 जनवरी 2015 में हुई थी |शादी में अपनी हैसियत और तयशुदा दहेज़ के हिसाब से प्रियंका के पिता ने 12 लाख रूपये नगद देकर शादी की थी। लेकिन आरोप है की शादी के बाद भी प्रियंका का पति और उसके ससुरालीजन उसे घर से और रूपये लाने का दवाब बनाते थे और नहीं मानने पर प्रियंका को मारपीटा और भूखा रखा जाता था। हाल ही में बदायूँ में सीओ बने प्रियंका के भाई कुलदीप ने भी अपनी बहिन के ससुरालियों को समझाने के प्रयास किये लेकिन नतीजा कुछ नहीं निकला। इस दौरान प्रियंका को एक बेटी हुई तो उसके पति का अत्याचार और बढ़ गया। बताया जा रहा है कि प्रियंका ने दहेज़ उत्पीड़न से तंग आकर जहर खा लिया था जिस कारण उसे मंगलवार को स्थानीय निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन इसकी सूचना प्रियंका के परिजनों को नहीं दी गयी। अस्पताल में ही इलाज करा रहे जलालाबाद के एक शख्श ने पहचान लिया और प्रियंका के मायके वालों को सूचना दे दी। आज सुबह अस्पताल पहुंचे प्रियंका के घरवालों के सामने ही उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए पति और ससुर सहित कुल चार लोगों को अस्पताल से ही गिरफ्तार कर लिया। घटना के बाद से अन्य ससुरालीजन घर में ताला डालकर फरार हो गए है।