यहाँ शुरू होगा शनि को प्रसन्न करने हेतु अनुष्ठान
अयोध्या- भगवान शनि की अनुकुलूता हेतु अगले तीन वर्षों तक शनिधाम पीठ नजरबाग अयोध्या में प्रत्येक शनिवार को भगवान शनि के बीज मंत्र का अखंड जाप होगा | जिसका श्रीगणेश अचला सप्तमी 3 फरवरी शुक्रवार से विधिविधान पूर्वक किया जायेगा। उक्त जानकारी देते हुये शनिधाम पीठाधीश्वर अन्तरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त तांत्रिक एवं ज्योतिषाचार्य स्वामी श्री हरिदयाल मिश्र ने बताया कि अचला सप्तमी को 5 ब्राह्मणों द्वारा शनि के 19 हजार मंत्रों के जप का श्रीगणेश किया जायेगा ताकि शनि अनुकुल रहें | श्री मिश्र ने बताया कि विधानसभा चुनाव में सात्त्विक शक्तियां, जनता का उचित प्रतिनिधित्व करें, तथा न्यायसंगत, सत्यनिष्ठ ताकतें चुनाव में विजयश्री हासिल करें इस हेतु यह अनुष्ठान शुरू किया जा रहा है। चूंकि शनि, जन, समूह के देवता हैं इसलिए नेताओं के लिए शनि की प्रसन्नता एवं अनुकूलता आवश्यक है। विगत 26 जनवरी 2017 से शनि का राशि परिवर्तन हुआ है, शनि वृश्चिक राशि को छोड़कर धनु में प्रवेश कर चुके हैं इसलिए ये ढाई वर्ष भारत देश के लिए अत्यन्त महत्वपूर्ण होने वाले हैं। भारत देश इन ढाई वर्षों में चहुंमुखी विकास करे, मान, प्रतिष्ठा बढ़े, देश की सुख, समृद्धि एवं उन्नति हो इस हेतु शनि को प्रसन्न करने, अनुकूल करने के उद्देश्य से इस अनुष्ठान का श्रीगणेश किया गया है।
श्री मिश्र ने बताया कि शुक्रवार 3 फरवरी को पूर्वाहन 11 बजे शनि उपासक पांच पंडितों द्वारा शनिधाम में भगवान शनि का विधिवत मंत्रोच्चारों के मध्य पूजन हवन उपरांत ‘बीज मंत्र’ के अखंड जाप का श्रीगणेश होगा जिसका समापन 4 फरवरी को हवन आदि के साथ सम्पन्न होगा। यह अनुष्ठान अगले तीन वर्षों तक जारी रहेगा जिसके तहत हर शनिवार को शनि के बीज मंत्र का अखंड जाप एवं पूजन अर्चन किया जायेगा।
Report- Nitin Mishra